Home > अपना शहर ,खास खबरे,
कमिश्नर रूपला ने की जेएएच समूह के कार्यों की समीक्षा

रेडियोलॉजी में दो एक्सरे मशीनें आयेंगी, सीआर सिस्टम हुआ उपलब्ध 
ग्वालियर । स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग को नये स्टूमेन्ट्स खरीदने के लिये एनएचएम से एक करोड़ 36 लाख रूपए की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। रेडियोलॉजी विभाग में सीआर सिस्टम उपलब्ध हो गया है। दो एक्सरे मशीनों को क्रय करने के लिये कार्पोरेशन को ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। कमलाराजा की लिफ्ट के लिये पृथक से बजट में 30 लाख रूपए इन्फ्रास्ट्रेक्चर मद से देने का आश्वासन दिया गया है। यह जानकारी बुधवार को गजराराजा मेडीकल कॉलेज में जेएएच समूह के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में ग्वालियर संभाग के कमिश्नर एवं गजराराजा मेडीकल कॉलेज स्वशासी संस्था के अध्यक्ष एस एन रूपला के समक्ष दी गई। बैठक में मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. एस एन अयंगर, जेएएच अधीक्ष एवं संयुक्त संचालक डॉ. जे एस सिकरवार सहित मेडीकल कॉलेज के विभागध्यक्ष सहित निर्माण कार्यों से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए कमिश्नर रूपला ने डॉ. ज्योति बिंदल को निर्देश देते हुए कहा कि गायोनिक स्टूमेन्ट्स रिव्यू करने के लिये समिति गठित की जाए। समिति यह निर्णय ले कि कौन-कौन से नये स्टूमेन्ट्स क्रय किए जाएँ। स्टूमेन्ट्स खरीदते समय क्रय अधिनियम के प्रावधानों का भी ध्यान रखा जाए। कमिश्नर ने मेडीकल कॉलेज, अस्पताल, ओपीडी, हॉस्टल, ऑडिटोरियम क्लास आदि में कराए जाने वाले मेकेनिकल कार्य के लिये शीघ्र टेण्डर लगवाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री गुर्जर को दिए। कमिश्नर ने कार्यपालन यंत्री को यह भी निर्देश दिए कि एक लाख 66 हजार रूपए की लागत से वर्कशॉप की पानी की टंकी के कमरे की छत का काम बरसात के बाद पूर्ण हो जाए। उन्होंने इस काम के लिये खुशी जाहिर की कि मनोरोग विभाग को माधव डिस्पेंसरी के ऊपर शिफ्ट कर दिया है। साथ ही यहां विद्युत संबंधी कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं। कमिश्नर ने कहा यह कार्य बड़ी मुश्किल से हो पाया है। उन्होंने शिफ्ट हुए मनोरोग विभाग में फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश जेएएच अधीक्षक डॉ. सिकरवार को दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग के मेटरनिटी बिग में 47 में से 45 एसी लग गए हैं। एसी क्रय एवं विद्युत फिटिंग हेतु एनएचएम से 26 लाख 64 हजार रूपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 37 सीसीटीवी कैमरे चिकित्सालय परिसर में लगाए जा चुके हैं। शेष 18 कैमरे और लगाए जाना है, इस पर कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सहायक अधीक्षक से चर्चा करके 18 कैमरे भी एक सप्ताह के अंदर लगाए जाएँ।
कमिश्नर ने खरीदे गए 300 गद्दों को आवश्यकता के अनुरूप वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रेचर और व्हील चेयरों को भी ऐसे स्थानों पर रखने के निर्देश दिये जहाँ इनकी आवश्यकता है। मौके पर कमिश्नर ने अटेण्डरों को आसानी से एवं न्यूनतम रेट पर सस्ता भोजन प्राप्त हो सके, इसके लिये हॉस्पिटल परिसर में ही एक कैन्टीन भवन बनाने के लिये भूमि चयन के निर्देश नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शाक्य को दिए। कमिश्नर ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम के तहत मेडीकल कॉलेज में विस्तार के तहत स्वीकृत हुई योजना पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विस्तार के लिये खाली हुए मकानों को तत्काल डिस्मेंटल करने की कार्यवाही पूर्ण की जाए।

Share This News :