Home > अपना शहर ,खास खबरे,
चालू सप्ताह में 7 विभागों में प्राथमिकता के आधार पर होंगे प्रकरण निराकृत

ग्वालियर । सीएम हैल्पलाइन के अंतर्गत आने वाले आवेदन पत्रों के निराकरण के लिये विभागवार समय-सीमा का निर्धारण राज्य सरकार द्वारा कर दिया गया है। इसके तहत कलेक्टर राहुल जैन ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित 7 विभागों के अधिकारियों को चालू सप्ताह में समस्त प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अधिकारी हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करें। 
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि आम जन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से लागू की गई सीएम हैल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में देरी को राज्य सरकार द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है। पूर्व के लंबित प्रकरणो को अभियान चलाकर निराकृत करने के लिये सरकार द्वारा प्रति सप्ताह विभागों का निर्धारण कर दिया गया है। चालू सप्ताह के अंतर्गत किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, शिक्षा विभाग, सहकारिता, वित्त, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रकरणों का निराकरण इस सप्ताह में शतप्रतिशत किया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण के लिये संबंधित विभागों में बहुतायत में प्राप्त होने वाले प्रकरणों की प्रकृत्ति और प्रकार के विषय में भी विभागीय जिला अधिकारियों को बतलाया गया है। 
उन्होंने सभी जिला अधिकारियों से भी अपेक्षा की कि सभी लोग युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर इन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। इनके निराकरण में लापरवाही या ढ़िलाई बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध शासन स्तर से कार्रवाई प्रस्तावित की जायेगी। समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, एडीएम शिवराज वर्मा, सभी एसडीएम व सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। 

Share This News :